
जामताड़ा: जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार रात अपराधियों ने एक युवक के साथ पिस्टल के बल पर मारपीट कर उसकी कार में तोड़फोड़ की. घटना रात करीब आठ बजे आजाद चौक के पास हुई, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है.


पीड़ित जहिर अंसारी के अनुसार, वह अपने ससुर की कार से कुरुआ स्थित ससुराल जा रहे थे. इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली. आरोप है कि बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया, मारपीट की और कार के शीशे तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना प्रभारी विकास तिवारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पीड़ित के आवेदन पर कांड संख्या 46/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है.
लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच इस वारदात ने एक बार फिर करमाटांड़ क्षेत्र की कानून- व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






