जमशेदपुर: मानगो ईदगाह में गुरुवार को ईद-उल-अजहा का पर्व धार्मिक उत्साह, भाईचारे और अमन-शांति के माहौल में मनाया गया. सुबह बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की. नमाज मदिना मस्जिद के इमाम ओवैश अल अज़हरी ने पढ़ाई. इस दौरान मुल्क में अमन, शांति और तरक्की की दुआ मांगी गई.

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी. ईदगाह परिसर में खुशी और भाईचारे का माहौल देखने को मिला. लोगों ने कुर्बानी, त्याग और इंसानियत का संदेश देते हुए समाज में प्रेम, एकता और सौहार्द बनाए रखने की अपील की.
इस अवसर पर पटमदा सर्किल डीएसपी दयानंद कुमार और आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार भी ईदगाह पहुंचे. उन्होंने इमाम को गुलदस्ता भेंट कर ईद की शुभकामनाएं दीं और लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की.
मौके पर मानगो नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर मुख्तार आलम खान, ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट के सदस्य नादिर खान, मास्टर सिद्दीक अली, तजीम हैदर, आजादनगर थाना शांति समिति के सदस्य शाहिद परवेज, मदिना मस्जिद कमेटी के मोहम्मद मकबूल आलम, सोहैल अख्तर अंसारी, मास्टर अकबर खान, एसआई मनीष राय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
ईदगाह परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही. पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. पूरे इलाके में उत्सव और खुशी का माहौल देखने को मिला.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



