
जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चितामी गांव में मंगलवार को उस समय हंगामा मच गया, जब ग्रामीणों ने एक युवक और युवती को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया. घटना के बाद ग्रामीणों ने युवक को बंधक बनाकर इसकी सूचना नारायणपुर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर थाना ले आई.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, चितामी गांव निवासी 23 वर्षीय रोजीना खातून ने बताया कि चंपापुर निवासी मुर्शीद अंसारी के साथ उसका पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध चल रहा था। युवती के मुताबिक, रविवार को युवक उससे मिलने उसके घर पहुंचा था. इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और मामले की सूचना पुलिस को दे दी.
युवती ने बताया कि उसकी पहली शादी चंपापुर गांव के रंगामाटिया टोला में हुई थी. पति से तलाक होने के बाद वह अलग रह रही थी. उसके दो बच्चे हैं, जो फिलहाल उसके पूर्व पति के साथ रहते हैं. इसी बीच मुर्शीद अंसारी के साथ उसकी नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया.

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब युवती ने नारायणपुर थाना में लिखित आवेदन देकर मुर्शीद अंसारी पर यौन शोषण का आरोप लगाया. आवेदन में युवती ने कहा है कि बीते एक वर्ष से युवक उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था.
इधर, नारायणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के परिवारों के बीच आपसी सहमति से शादी कराने को लेकर बातचीत चल रही है. फिलहाल समझौते की संभावना अधिक जताई जा रही है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






