
जमशेदपुर: पोखारी स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी परिसर में मंगलवार को 16वें साईं महोत्सव एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर नेताजी सुभाष ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस से जुड़े सभी शिक्षण संस्थानों, मेडिकल कॉलेज और स्कूलों के पदाधिकारी, डॉक्टर, शिक्षक, प्राध्यापक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए.


कार्यक्रम की शुरुआत शिरडी साईं बाबा की विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चारण, महाआरती और भजन संध्या के साथ हुई. कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने अपने परिवार के साथ पूजा में भाग लेकर सभी के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की. पूजा के बाद उपस्थित लोगों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया.
आध्यात्मिक कार्यक्रम के उपरांत कुलाधिपति मदन मोहन सिंह का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस दौरान डॉक्टरों, शिक्षकों, वरिष्ठ फैकल्टी सदस्यों और संस्थान के पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं.
अपने संबोधन में मदन मोहन सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों, डॉक्टरों और सहयोगियों का स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है. उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य झारखंड और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर करियर के अवसर और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करना है. उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में संस्थान आगे भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगा.
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने कुलाधिपति के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता के कारण विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और स्कूल शिक्षा एवं सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. उन्होंने उनके स्वस्थ, सफल और दीर्घायु जीवन की कामना की.
कार्यक्रम के अंतिम चरण में केक काटकर जन्मदिन मनाया गया. इस दौरान सभी शिक्षकों, प्राचार्यों, वरिष्ठ चिकित्सकों और कर्मचारियों ने कुलाधिपति को शुभकामनाएं दीं. पूरा आयोजन श्रद्धा, उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.
Edited By Sarita






