जामताड़ा: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर जामताड़ा डिस्ट्रिक्ट ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से मंगलवार को मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाना था.



कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी मनोज कुमार, डी.डी. भंडारी तथा चैंबर ऑफ कॉमर्स जामताड़ा के अध्यक्ष संजय अग्रवाल उपस्थित रहे. आयोजन की शुरुआत अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई. इसके बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन दौड़ को रवाना किया.
इस अवसर पर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि युवाओं को खेलों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए. नियमित व्यायाम और खेल गतिविधियां न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी बेहद जरूरी हैं. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस का उद्देश्य खेल भावना, एकता, अनुशासन और स्वस्थ जीवन के संदेश को समाज तक पहुंचाना है.
मैराथन दौड़ में जिले के बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, युवाओं और खेल प्रेमियों ने उत्साह के साथ भाग लिया. प्रतिभागियों ने खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और ओलंपिक दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम में जामताड़ा डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव सरोज यादव, करण राउत, हृदयानंद, अनीश रंजन, बिश्नु सेन, सुमित ओझा, रोहित कुमार, हरि सोनकर, राजीव कुमार सहित कई खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





