
जमशेदपुर: मानगो निवासी आरती मेघवाल ने साकची बसंत सिनेमा के पीछे स्थित सब्जी मंडी के दो दुकानदारों पर करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का सोने का ब्रेसलेट गायब करने का आरोप लगाते हुए साकची थाना में मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.


पीड़िता आरती मेघवाल के अनुसार, सोमवार शाम वह एक ज्वेलरी शोरूम से नया ब्रेसलेट खरीदने के बाद साकची सब्जी मंडी पहुंची थीं. सब्जी खरीदने के दौरान उन्होंने अपने पर्स से पैसे निकालकर दुकानदार को भुगतान किया. इसके बाद जब वह अपनी गाड़ी के पास पहुंचीं और पर्स की जांच की, तो ब्रेसलेट गायब मिला.
ब्रेसलेट नहीं मिलने पर आरती मेघवाल तुरंत वापस सब्जी मंडी पहुंचीं और वहां मौजूद दुकानदारों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी ब्रेसलेट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी. महिला ने मामले में दो सब्जी विक्रेताओं पर आशंका जताई है.
आरती मेघवाल ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद जब वह मंगलवार को दोबारा मंडी पहुंचीं, तो जिन दो दुकानदारों पर उन्होंने संदेह जताया था, वे अपनी दुकान पर मौजूद नहीं मिले.
फिलहाल साकची थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की पड़ताल में जुटी है.
Edited By Sarita






