
रांची: देशभर में NEET UG-2026 परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हो गई. परीक्षा प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने में भारतीय वायुसेना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस व्यवस्था को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय पर सवाल उठाए हैं.


झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने अपने दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन किया और इसके लिए वह बधाई के पात्र है. हालांकि उन्होंने सवाल उठाया कि यदि एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के सफल संचालन के लिए रक्षा मंत्रालय और वायुसेना की मदद लेनी पड़ रही है, तो यह शिक्षा मंत्रालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है.
उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में UPSC, JEE, CLAT जैसी अन्य परीक्षाओं के लिए भी इसी तरह की स्थिति उत्पन्न होती है, तो क्या फिर ED, CBI और NIA जैसी केंद्रीय एजेंसियों की भी मदद ली जाएगी. उनका कहना था कि यह स्थिति शिक्षा व्यवस्था की कमजोरी को दर्शाती है.
सुप्रियो भट्टाचार्य ने शिक्षा मंत्रालय की आलोचना करते हुए कहा कि यदि मंत्रालय अपने स्तर पर निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा आयोजित कराने में सक्षम नहीं है, तो यह उसकी बड़ी विफलता है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था को लगातार कमजोर किया जा रहा है, शिक्षा बजट में कटौती की गई है और शिक्षा व्यवस्था को निजी हाथों में सौंपने की दिशा में काम हो रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली विकसित करने और छात्रों का विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए.
Edited By Sarita






