
पाकुड़: जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के बागशीसा गांव निवासी हेमंत कुमार साहा (28) को फर्जी दस्तावेज तैयार करने और लोगों से पैसे लेने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.


पुलिस के अनुसार, हेमंत कुमार साहा पर जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनवाने के नाम पर लोगों से रुपये लेने का आरोप है. इस संबंध में मिली शिकायत के आधार पर पाकुड़ मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है. यह पता लगाया जा रहा है कि इस कथित फर्जीवाड़े में और कौन- कौन लोग शामिल हैं. पूछताछ के दौरान अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita






