
जामताड़ा: सदर अस्पताल से इलाजरत एक मरीज के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. मरीज के गायब होने से अस्पताल प्रशासन और परिजनों में हड़कंप मच गया है. सबसे हैरानी की बात यह रही कि मरीज की पत्नी, जो अटेंडर के रूप में उसके साथ मौजूद थीं, गहरी नींद में सोती रहीं और सुबह आंख खुलने पर पति को बेड से गायब पाया.


जानकारी के अनुसार, लापता मरीज की पहचान अशोक चक्रवर्ती के रूप में हुई है. सोमवार सुबह पत्नी ने अस्पताल परिसर में काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला. इसके बाद अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी गई.
अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पता चला कि सोमवार सुबह 3 बजकर 6 मिनट पर अशोक चक्रवर्ती मेल वार्ड से बाहर निकलकर पोर्टिको में रखी कुर्सी पर बैठे थे. इसके ठीक एक मिनट बाद 3 बजकर 7 मिनट पर वह अस्पताल से बाहर जाते हुए कैमरे में दिखाई दिए.
परिजनों ने बताया कि अशोक चक्रवर्ती को सिर के पीछे गंभीर चोट लगी थी. उन्हें 19 जून को देवघर जिले के कोरों क्षेत्र से रेफर कर जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सिर में चोट के कारण उनकी मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं बताई जा रही है.

मरीज के लापता होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल पहुंच गए हैं और शहर के विभिन्न इलाकों में उनकी तलाश की जा रही है.
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि मरीज की खोजबीन के लिए जामताड़ा थाना में लिखित आवेदन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस और अस्पताल प्रशासन मिलकर मरीज की तलाश में जुटे हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






