
जामताड़ा: जिले के नारायणपुर प्रखंड में विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 103 दिनों से आंदोलनरत रोजगार सेवकों ने सोमवार को अपना आंदोलन समाप्त करते हुए पुनः कार्यभार ग्रहण कर लिया. रोजगार सेवक संघ के नेतृत्व में सभी रोजगार सेवक प्रखंड कार्यालय पहुंचे और लिखित आवेदन देकर अपने-अपने कार्यों में योगदान दिया.


रोजगार सेवक संघ के प्रखंड अध्यक्ष राधेश्याम पंडित के नेतृत्व में सभी कर्मियों ने कार्यालय में योगदान किया. इस दौरान उन्होंने बताया कि विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन चल रहा था, जिसके कारण मनरेगा सहित ग्रामीण विकास से जुड़ी कई योजनाओं का संचालन प्रभावित हो रहा था. संगठन के निर्णय के बाद जनहित को प्राथमिकता देते हुए सभी रोजगार सेवकों ने काम पर लौटने का फैसला लिया.
आंदोलन के कारण मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन, जॉब कार्ड से संबंधित कार्य, नई योजनाओं के चयन और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर असर पड़ा था. अब रोजगार सेवकों की वापसी से इन लंबित कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है.
कार्यभार संभालने के बाद रोजगार सेवकों ने कहा कि वे पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा ग्रामीण विकास योजनाओं को गति देने का हर संभव प्रयास करेंगे.
रोजगार सेवकों की वापसी से प्रखंड प्रशासन के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है. उम्मीद जताई जा रही है कि अब मनरेगा सहित अन्य विकास योजनाओं का कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा और ग्रामीणों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सकेगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






