
जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना पुलिस ने तड़ीपार घोषित कुख्यात अपराधी दीपक तिवारी उर्फ काना को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस के अनुसार आरोपी जिला प्रशासन के तड़ीपार आदेश का उल्लंघन करते हुए जमशेदपुर में सक्रिय था और आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की तैयारी कर रहा था.


पुलिस को 20 जून की रात सूचना मिली थी कि रामनगर स्थित शिव मंदिर के पास रहने वाला दीपक तिवारी, जिसे अपराध नियंत्रण अधिनियम अध्यादेश-2002 की धारा 3(3) के तहत 18 अप्रैल 2026 से 17 जुलाई 2026 तक जिला बदर किया गया है, वह प्रतिबंध के बावजूद शहर में घूम रहा है. सूचना के आधार पर बागबेड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने बताया कि तड़ीपार अवधि के दौरान आरोपी का जमशेदपुर शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित था, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहा. सरकारी आदेश की अवहेलना और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप में उसके खिलाफ नया मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तड़ीपार रहने के दौरान भी दीपक तिवारी के खिलाफ दो मामले दर्ज हुए थे. पहला मामला बागबेड़ा थाना कांड संख्या 37/2026, जो 6 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था. वहीं दूसरा मामला कांड संख्या 46/2026, जो 13 जून 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 20(B)(II)A, 22(B) और 29 के तहत दर्ज किया गया था.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
Edited By Sarita


