
रांची: धुर्वा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया.


योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया. कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में योग केवल व्यायाम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली का वैश्विक आंदोलन बन चुका है. उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है.
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करें और नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ, ऊर्जावान एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाएं. उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव और विभिन्न बीमारियों से बचने के लिए योग सबसे सरल और प्रभावी उपाय है.
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नियमित योग करने का संकल्प लिया. आयोजन के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को जन- जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया.
Edited By Sarita


