
चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक साइकिल सवार की मौत हो गई. मृतक की पहचान श्यामनगर निवासी 56 वर्षीय सुबोध प्रमाणिक के रूप में हुई है.


जानकारी के अनुसार, सुबोध प्रमाणिक शनिवार सुबह करीब छह बजे साइकिल से आदरडीह की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
घटना की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नीमडीह पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं, हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुट गई है. इस दर्दनाक हादसे के बाद श्यामनगर और आसपास के इलाके में शोक की लहर है.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर


