
चाईबासा: सोनुआ प्रखंड के सरजमहातु गाँव में गुरुवार को आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी. कुछ ही मिनटों के तेज तूफान में गाँव के दर्जनों घरों के छप्पर उड़ गए और कई घर आंशिक रूप से तथा कई पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आने से एक बच्चा समेत तीन लोग घायल हो गए.


गाँव में कुल 19 घरों को नुकसान पहुँचा है, जिनमें शांति हेम्ब्रम, माना हेम्ब्रम, लक्ष्मण हेम्ब्रम, अर्चना हेम्ब्रम, विश्वनाथ हेम्ब्रम, अनिता हेम्ब्रम, सुसानी हेम्ब्रम, गंगाराम हेम्ब्रम, मनीषा हेम्ब्रम, सिरका हेम्ब्रम, गुरुवारी गोप, दिनेश केराई, रघुनाथ केराई, चुम्बरू केराई, मालती केराई, सुखमती केराई, गणेश्वर गोप, रंजीत हेम्ब्रम और मंजू हेम्ब्रम के घर शामिल हैं.

आंधी-तूफान के कारण कई घरों में रखे सामान भी नष्ट हो गए और ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया ज्योति सोय मौके पर पहुँचीं और स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद सूचना मिलने पर बीडीओ सोमनाथ उरांव और सीओ अनुज टेटे भी गाँव पहुँचे और क्षतिग्रस्त घरों का निरीक्षण किया.

अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया, जबकि प्रभावित परिवारों ने मुआवजे की मांग की है. इस मामले में मुखिया ने डीसी को पत्र लिखकर प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है.
रिपोर्ट – जयंत प्रमाणिक


