
चांडिल: कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौड़ा में गुरुवार को वीर बिरसा महाविद्यालय डाटम प्रबंधन समिति के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।


कार्यक्रम में वीर बिरसा महाविद्यालय डाटम के प्राचार्य बंकेश्वर प्रसाद सिंह, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सबिता वाला, उत्क्रमित मध्य विद्यालय चौड़ा उर्दू के प्रधानाध्यापक अब्दुल गफ्फार सहित कई शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है तथा अनुशासन एवं कठिन परिश्रम के बल पर विद्यार्थी जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

इस अवसर पर झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विद्यालय की तीन छात्राओं नाज फातमा, सुमन परवीन एवं अफशा परवीन को प्रमाण पत्र, गमछा एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
अतिथियों ने सम्मानित छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य विद्यार्थियों से भी लगन एवं मेहनत के साथ अध्ययन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
रिपोर्ट: विकास ठाकुर


