चांडिल: वर्ष 2019 में कुकड़ू हाट में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए झारखंड पुलिस के वीर जवानों की स्मृति में रविवार को तिरुलडीह थाना परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके साहस, समर्पण और बलिदान को याद किया.


कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. वक्ताओं ने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा. उनकी वीरता और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी.

तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने कहा कि शहीद जवानों के त्याग और समर्पण के कारण ही समाज में शांति और सुरक्षा कायम है. पुलिस विभाग हमेशा उनके बलिदान का सम्मान करता रहेगा और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेता है.

श्रद्धांजलि सभा में इंस्पेक्टर सोमा उरांव, सब इंस्पेक्टर कार्तिकेय सिंह, सहायक सब इंस्पेक्टर हरदेव पासवान, हवलदार अवध किशोर दुबे, हवलदार दिलीप लोहरा सहित थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे. कार्यक्रम का समापन शहीदों को सामूहिक सलामी देकर किया गया.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

