जामताड़ा: जिले के गोविंदपुर- साहिबगंज हाईवे पर रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी रोक लिया.


जानकारी के अनुसार नारायणपुर थाना क्षेत्र के शहरपुर गांव निवासी कासिम मियां अपने मोपेड से सूप- डलिया बेचने के लिए आसपास के गांव जा रहे थे. इसी दौरान बगतरफा के समीप नारायणपुर से धनबाद की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए उन्हें तत्काल निजी वाहन से नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया.
हादसे की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे. लोगों ने गोविंदपुर- साहिबगंज हाईवे को जाम कर दिया और दुर्घटना में शामिल ट्रक को पकड़ लिया. सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा.
मामले की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि घायल को बेहतर उपचार के लिए धनबाद भेजा गया है. पुलिस ग्रामीणों को समझाने और सड़क जाम हटाने का प्रयास कर रही है. साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

