जामताड़ा: झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल के तत्वावधान में “योगमय झारखंड 2026-27” अभियान के तहत शनिवार को जामताड़ा स्थित जेबीसी जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में जिला स्तरीय एक दिवसीय योग प्रोटोकॉल अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों को मजबूत करना तथा शिक्षकों एवं प्रतिभागियों को योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण देना था.


कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे शारीरिक शिक्षा शिक्षक, नोडल शिक्षक एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. योग प्रशिक्षक एवं पतंजलि योग समिति से जुड़े संजय रवानी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया. उन्होंने नियमित योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी.
इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि “योगमय झारखंड 2026-27” अभियान के तहत राज्यभर में योग आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सके.
झारखंड शिक्षा परियोजना के अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की. कार्यक्रम का समापन सामूहिक योगाभ्यास एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

