बोकारो: जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाइन होटल और जनरल स्टोर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब एवं बियर बरामद की है. इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का मानना है कि अवैध रूप से शराब उपलब्ध कराने वाले ऐसे प्रतिष्ठान सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं के लिए भी जिम्मेदार हैं.


जानकारी के अनुसार., पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे फाटक के समीप स्थित एक लाइन होटल में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है. सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने रेलवे फाटक के निकट स्थित अमर लाइन होटल और उसके बगल में संचालित सुमित्रा जनरल स्टोर में एक साथ छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों प्रतिष्ठानों से विभिन्न ब्रांडों की 264 बोतल अंग्रेजी शराब तथा 101 बोतल और केन बियर बरामद की. जब पुलिस ने बरामद शराब से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की., तब संचालक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अमर लाइन होटल के मैनेजर अविनाश सिंह और सुमित्रा जनरल स्टोर के संचालक सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब का यह कारोबार कब से संचालित हो रहा था और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है.
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के साथ विस्तृत जांच जारी है. अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट : शुभम मिश्रा

