जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिल रोड निवासी सागर कुमार सोनकर के रूप में हुई है, जो राज कुमार प्रसाद का पुत्र बताया जाता है.


पुलिस के अनुसार पीसीआर संख्या 62/2022 से जुड़े मामले में आरोपी के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी किया गया था. वारंट जारी होने के बाद से वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और मामले में वांछित चल रहा था.
न्यायालय के निर्देश पर मिहिजाम थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर आरोपी की तलाश शुरू की. इसी अभियान के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं और गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया. न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन को लेकर थाना क्षेत्र में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है ताकि न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सके. उन्होंने कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

