सरायकेला: जिला समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) की महत्वपूर्ण बैठक में सरायकेला विधायक चंपई सोरेन के प्रतिनिधि सनंद आचार्य ने हिस्सा लिया और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया.


बैठक में विधानसभा क्षेत्र के 592 प्रत्यक्ष खनन प्रभावित गांवों की समस्याओं को रखते हुए डीएमएफटी मद से कई जनहितकारी योजनाओं को स्वीकृति देने की मांग की गई. सबसे प्रमुख मांग डेढ़ वर्ष से बनकर तैयार पड़े क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) को अविलंब शुरू कराने की रही, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके.
इसके अलावा जीलिंगोड़ा और काचा के बीच लगभग 30 से 40 वर्ष पुराने छोटे नाला पुल के स्थान पर नए पुल के निर्माण की मांग की गई. गम्हरिया में प्रस्तावित वेजी मार्ट को पहले से निर्मित कोल्ड स्टोरेज से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्य कराने का भी प्रस्ताव रखा गया.
बैठक में आदित्यपुर और सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्रों में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान, सरायकेला, गम्हरिया और राजनगर प्रखंड में एक-एक शव वाहन उपलब्ध कराने तथा जर्जर और किराये के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नए भवन निर्माण की मांग भी उठाई गई.
प्रतिनिधि ने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना डीएमएफटी का मुख्य उद्देश्य है और इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा.

