सरायकेला: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दलमा वन्य प्राणी पश्चिमी प्रक्षेत्र अंतर्गत मकुलाकोचा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में ईचागढ़ विधायक सविता महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. इस दौरान दलमा के डीएफओ सबा आलम अंसारी ने उनका स्वागत किया.


कार्यक्रम के तहत विधायक ने म्यूजियम परिसर के सामने बरगद और कटहल का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की.
इस अवसर पर दलमा क्षेत्र इको विकास समिति की महिलाओं के बीच सिलाई मशीन, इमरजेंसी लाइट्स और प्रदूषण नियंत्रण चूल्हा का वितरण किया गया. लाभुकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे आजीविका और दैनिक जीवन के लिए उपयोगी बताया.
विधायक सविता महतो ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने उपस्थित लोगों से प्रकृति की रक्षा और हरियाली बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में डीएफओ सवा आलम अंसारी, रेंजर दिनेश चंद्रा, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलु महतो, वन विभाग के अधिकारी, इको विकास समिति की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे.

