सरायकेला: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर झारखंड स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला- खरसावां की ओर से जिला सिविल कोर्ट एवं जिला बार एसोसिएशन परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान फलदार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया.


कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमाशंकर सिंह ने लोगों और अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है और हर व्यक्ति को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए.
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभात कुमार ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी चाहिए. उन्होंने विशेष रूप से अधिवक्ताओं से पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तौसीफ मेराज, जिला सिविल कोर्ट के रजिस्ट्रार आशीष कुमार अग्रवाल, जिला बार एसोसिएशन के सचिव देवाशीष ज्योतिषी, अधिवक्ता ओम प्रकाश, सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं न्यायालय कर्मी उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का सामूहिक संकल्प लिया.



