सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की शासी परिषद की बैठक आयोजित की गई. बैठक में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उप विकास आयुक्त रीना हसदा समेत परिषद के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.


बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों में डीएमएफटी निधि से संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. साथ ही योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

इस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, पेयजल, आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, विद्यालयी आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण, कृषि एवं आजीविका संवर्द्धन से संबंधित नई योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई.
शासी परिषद के सदस्यों ने जिले में हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, शव वाहनों की संख्या बढ़ाने, बंद पड़े कोल्ड स्टोरेज को पुनः संचालित करने तथा जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिए. स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया.
उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने संबंधित विभागों को प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि डीएमएफटी निधि का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, आजीविका संवर्द्धन और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके.
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा भविष्य की कार्ययोजना को लेकर भी विचार- विमर्श किया गया.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

