सरायकेला: जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है. जीएसएफ गार्ड कंपनी द्वारा सुरक्षा जवान एवं सुपरवाइजर पदों पर भर्ती के लिए जिले के नौ प्रखंडों में विशेष भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे. यह भर्ती अभियान 8 जून से 18 जून तक चलेगा, जिसमें योग्य अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न चरणों की परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा.


भर्ती कार्यक्रम के तहत 8 जून को कुकड़ू, 9 जून को नीमडीह, 10 जून को ईचागढ़, 11 जून को चांडिल, 13 जून को राजनगर, 15 जून को गम्हरिया, 16 जून को कुचाई, 17 जून को खरसावां तथा 18 जून को सरायकेला प्रखंड कार्यालय परिसर में भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे.
कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी राजेंद्र तिवारी ने बताया कि सुरक्षा जवान और सुपरवाइजर पदों के लिए 10वीं से स्नातक तक की शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की पात्रता की जांच के बाद लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण तथा मानसिक परीक्षण आयोजित किया जाएगा. सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों का चयन कंपनी के निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सुरक्षा क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं और कंपनी का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ना है. चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के साथ रोजगार का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा.
राजेंद्र तिवारी ने जिले के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित तिथि पर अपने नजदीकी भर्ती शिविर में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने करियर को नई दिशा दें.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



