बोकारो: जिले के बेरमो अनुमंडल में प्रशासनिक फेरबदल के तहत झारखंड प्रशासनिक सेवा के द्वितीय बैच के अधिकारी मनोज कुमार ने नए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है. निवर्तमान एसडीओ मुकेश मछुवा ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा.


पदभार ग्रहण करने के बाद मनोज कुमार ने कहा कि वे अनुशासित और पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता देंगे तथा सभी वर्गों की भावनाओं का सम्मान करते हुए बेरमो अनुमंडल को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों की गति बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी.
बताया जाता है कि पूर्व एसडीओ मुकेश मछुवा ने बेरमो अनुमंडल में लगभग एक वर्ष आठ माह तक अपनी सेवाएं दीं. उनके कार्यकाल को स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने सौहार्दपूर्ण तथा जनोन्मुखी बताया. उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम किया और जनसमस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया.
नए एसडीओ मनोज कुमार ने पदभार संभालने के बाद अनुमंडल कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की प्रारंभिक जानकारी ली. उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही. प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को बेरमो अनुमंडल के विकास और प्रशासनिक कार्यों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



