जामताड़ा : जामताड़ा जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत शेखपुरा गांव में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. चित्रा से जामताड़ा की ओर आ रही एक मारुति सुजुकी ब्रेजा कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर राख हो गई. हालांकि कार में सवार तीनों लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे शेखपुरा गांव के समीप कार में अचानक तकनीकी खराबी के बाद शॉर्ट सर्किट हुआ. इसके बाद वाहन से धुआं निकलने लगा और कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी कार उसकी चपेट में आ गई.
बताया जा रहा है कि कार में कुल तीन लोग सवार थे. जैसे ही चालक को वाहन में आग लगने का आभास हुआ, उसने सूझबूझ दिखाते हुए कार को सड़क किनारे रोक दिया. इसके बाद चालक समेत सभी सवार तुरंत वाहन से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थान पर चले गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. ग्रामीणों का कहना है कि यदि चालक ने समय रहते वाहन नहीं रोका होता तो यह हादसा किसी बड़ी त्रासदी में बदल सकता था.
फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

