आदित्यपुर: थाना क्षेत्र के जमालपुर में जमीन विवाद को लेकर तनाव का मामला सामने आया है. पीड़ित पक्ष ने भाजपा नेता समेत कई लोगों पर सरकारी सीमांकन के बाद बनाई गई बाउंड्री वॉल को जबरन तोड़ने और धमकी देने का आरोप लगाया है.

इस मामले में अमित कुमार सिंह और अभिमन्यु कुमार ने आदित्यपुर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि गम्हरिया अंचल कार्यालय द्वारा सीमांकन किए गए जमालपुर मौजा स्थित खाता नंबर 23, प्लॉट नंबर 60, रकवा 2.85 डिसमिल जमीन पर उन्होंने बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया था.
शिकायत के अनुसार उनकी अनुपस्थिति में भाजपा नेता अशोक सिंह, प्रियंका देवी, दिलीप सिंह, आरती देवी, राजेश सिंह, उनकी पत्नी, अंकित सिंह समेत 15 से 20 लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया. विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित पक्ष का कहना है कि संख्या अधिक होने के कारण वे लोग डरकर वहां से हट गए.
अमित कुमार सिंह ने बताया कि उक्त जमीन का दो-दो बार सरकारी सीमांकन कराया गया था, लेकिन दूसरे पक्ष के लोग सीमांकन के दौरान उपस्थित नहीं हुए. बाद में जमीन को अपना बताते हुए बाउंड्री वॉल तोड़ दी गई. उन्होंने पुलिस से जानमाल की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता अशोक सिंह ने खुद पर लगे आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है. उन्होंने अमित सिंह पर फर्जी तरीके से जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया है.
इस मामले में गम्हरिया अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि एक पक्ष द्वारा दायर दाखिल-खारिज आवेदन को निरस्त करते हुए उन्हें एसडीओ कोर्ट जाने का निर्देश दिया गया है. फिलहाल आदित्यपुर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.



