जमशेदपुर: चाकुलिया क्षेत्र में ग्रामीण पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई नया बाजार इलाके में की गई, जहां लंबे समय से गांजा बिक्री की शिकायत पुलिस को मिल रही थी.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश गागराई के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से 336 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 16 हजार 800 रुपये बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नया बाजार क्षेत्र में छोटे-छोटे पुड़िया बनाकर गांजा बेचा जा रहा है. सूचना मिलते ही ग्रामीण पुलिस ने इलाके में छापेमारी अभियान चलाया. छापेमारी के दौरान महेश गागराई को हिरासत में लिया गया और तलाशी के दौरान उसके पास से पुड़िया में पैक किया गया गांजा बरामद हुआ.
बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल ने बताया कि आरोपी स्थानीय स्तर पर गांजा की सप्लाई करता था. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह 30, 50 और 100 रुपये की पुड़िया बनाकर युवाओं और स्थानीय ग्राहकों को गांजा बेचता था.
पुलिस को आशंका है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था और इलाके में नशे का नेटवर्क फैला रहा था. ग्रामीण एसपी ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और खासतौर पर उन इलाकों पर नजर रखी जा रही है, जहां युवाओं को निशाना बनाकर नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके.



