जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित निक्को पार्क वाटर पार्क में बुधवार को छेड़खानी की घटना को लेकर जमकर हंगामा हो गया. बताया जा रहा है कि एक युवती अपने परिजनों के साथ वाटर पार्क घूमने पहुंची थी. इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने कथित तौर पर युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी. विरोध करने पर युवती और उसके परिजनों के साथ मारपीट भी की गई.

घटना के बाद वाटर पार्क परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहित, कुणाल समेत कुल चार युवकों को हिरासत में लिया है. सभी से थाना में पूछताछ की जा रही है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छेड़खानी करने वाले युवक नशे की हालत में बताए जा रहे हैं. घटना को लेकर वाटर पार्क में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है.



