पूर्वी सिंहभूम: जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में सोमवार देर रात हाथियों के हमले में एक बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना चाकुलिया-केरूकोचा मुख्य सड़क पर बड़ामारा गांव के पास हुई. घायल की पहचान बहरागोड़ा प्रखंड के धाधिका गांव निवासी नीलकंठ नायक (45) के रूप में हुई है. वह पेशे से सब्जी विक्रेता हैं.

जानकारी के अनुसार नीलकंठ नायक सोमवार को चाकुलिया के जोड़ाम हाट में सब्जी बेचने के बाद देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान बड़ामारा गांव के समीप सड़क पर उनका सामना हाथियों के झुंड से हो गया. अचानक हाथियों को सामने देखकर उन्होंने बाइक छोड़ दी और जान बचाने के लिए भागने लगे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भागने के दौरान एक हाथी ने उनका पीछा किया और पास के खेत में घेर लिया. इसके बाद हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. किसी तरह वह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे. बताया जा रहा है कि एक हाथी ने उनके सीने पर पैर भी रख दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया. घायल के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं.
घटना की सूचना मिलने पर विधायक समीर मोहंती मौके पर पहुंचे. उन्होंने अपने वाहन से घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया. वहीं वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची और घायल का हालचाल लिया.
ग्रामीणों के अनुसार बड़ामारा गांव के आसपास सात हाथियों का एक झुंड लगातार विचरण कर रहा है. हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण ग्रामीणों को रात के समय आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई बार हाथी मुख्य सड़क पर भी आ जाते हैं, जिससे दुर्घटना और हमले का खतरा बना रहता है.
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि चाकुलिया वन क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही से खेतों और घरों को नुकसान पहुंच रहा है. इसके अलावा हाथियों के हमलों की घटनाएं भी बढ़ती जा रही हैं. ग्रामीणों ने वन विभाग पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया है.



