सरायकेला: जिले के सीनी पंचायत में पुलिस प्रशासन द्वारा सोमवार को व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में ग्रामीणों और महिलाओं को विभिन्न सामाजिक और आपराधिक विषयों पर जागरूक किया गया.


अभियान के दौरान महिला अपराध, डायन-बिसाही, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, साइबर फ्रॉड, सड़क सुरक्षा और बच्चा चोरी की अफवाहों जैसे मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी गई. पुलिस टीम ने लोगों से किसी भी अफवाह पर विश्वास नहीं करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की.
कार्यक्रम में लोगों को डायल-112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर ठगी की शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई. सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया.
सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य सिर्फ अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और सुरक्षित बनाना भी है. उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर तालमेल से ही अपराध मुक्त समाज का निर्माण संभव है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

