सरायकेला: जिले की चौका थाना पुलिस ने पाइपलाइन चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. यह गिरफ़्तारी चौका थाना कांड संख्या-73/25 से जुड़ी बताई जा रही हैं.

थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि चौका थाना कांड संख्या-73/25 दिनांक 26-12-25 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(e), 62 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था. मामले में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय दिवश कुमार के रूप में हुई है. वह दीपक कुमार का पुत्र है. आरोपी का स्थायी पता बिहार के गया जिला अंतर्गत फतेहपुर थाना क्षेत्र में है, जबकि वर्तमान में वह पूर्वी सिंहभूम जिले के बागबेड़ा नया बस्ती रोड नंबर-1 में रह रहा था.
थाना प्रभारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
इसी मामले से जुड़े ग्राम झाबरी स्थित पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के लोहे के पाइपलाइन चोरी मामले में भी पुलिस को सफलता मिली है. पूर्व में पुलिस ने चोरी किए गए लोहे के पाइपलाइन से लदी एक गाड़ी को जब्त किया था, लेकिन वाहन चालक मौके से फरार हो गया था. पुलिस लगातार फरार चालक की तलाश में जुटी हुई थी. शनिवार को पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया. आरोपी चालक को भी न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. फिलहाल चौका थाना पुलिस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है.



