जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर नगर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद घर से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर से 38 वर्षीय लक्ष्मण राम का सड़ा-गला शव बरामद किया.

मृतक की पहचान स्वर्गीय केशव राम के पुत्र लक्ष्मण राम के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.
जानकारी के अनुसार आसपास के लोगों को पिछले कई दिनों से घर से दुर्गंध महसूस हो रही थी. पहले लोगों ने इसे सामान्य समझा, लेकिन शनिवार को दुर्गंध काफी तेज हो जाने पर पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों और मिहिजाम थाना पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. पुलिस ने जब घर का दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए. कमरे में लक्ष्मण राम का शव पड़ा हुआ था, जो काफी सड़-गल चुका था. शव में कीड़े पड़ चुके थे और दुर्गंध इतनी तेज थी कि आसपास खड़े लोगों का वहां रुकना मुश्किल हो रहा था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागूरी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है. साथ ही आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि लक्ष्मण राम घर में अकेले रहते थे और पिछले कई दिनों से उन्हें इलाके में नहीं देखा गया था. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मिहिजाम पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
Report By Manish Baranwal



