जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोन नंबर-4 में शुक्रवार देर रात एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

मृतक की पहचान 36 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार सुनील कुमार टाटा मोटर्स के पेंट शॉप विभाग में कार्यरत थे. लंबे समय तक कार्य करने के बाद जनवरी 2026 में उनकी नौकरी स्थायी हुई थी.
मृतक के पिता भरत जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार को वह रोज की तरह ड्यूटी से घर लौटे और अपने कमरे में चले गए. रात में परिवार के लोगों ने उन्हें खाना खाने के लिए कई बार आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. सुबह तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद इसकी सूचना बिरसानगर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया. अंदर सुनील कुमार का शव पंखे से लटका हुआ मिला.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है. बताया जा रहा है कि मृतक विवाहित थे और अपने पीछे पत्नी तथा तीन वर्षीय बेटी को छोड़ गए हैं.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.



