जमशेदपुर: नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के मैनेजमेंट विभाग के विद्यार्थियों ने एक बार फिर शानदार सफलता हासिल की है. जमशेदपुर की प्रतिष्ठित निर्माण कंपनी “एएस कंस्ट्रक्शन” ने कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से यूनिवर्सिटी के तीन प्रतिभावान छात्रों का चयन किया है.

चयनित विद्यार्थियों को कंपनी की ओर से 2.8 लाख रुपये वार्षिक पैकेज का ऑफर दिया गया है. यह प्लेसमेंट ड्राइव विशेष रूप से एमबीए फाइनेंस के छात्रों के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें छात्रों के वित्तीय विश्लेषण, अकाउंटिंग और प्रोफेशनल स्किल्स का मूल्यांकन किया गया. सफल छात्रों को कंपनी में “अकाउंट मैनेजर” के पद पर नियुक्ति दी गई है.
इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है. प्लेसमेंट की खबर सामने आने के बाद पूरे मैनेजमेंट विभाग में खुशी का माहौल है. विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि निर्माण क्षेत्र में अकाउंटिंग और फाइनेंस का प्रबंधन एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है. उन्होंने कहा कि छात्रों का अकाउंट मैनेजर जैसे महत्वपूर्ण पद पर चयन यह साबित करता है कि वे कॉर्पोरेट जगत की जटिल वित्तीय जिम्मेदारियों को संभालने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं.
वहीं विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने कहा कि फाइनेंस के छात्रों के लिए अकाउंट मैनेजर का पद करियर की मजबूत शुरुआत है. इससे छात्रों को उद्योग जगत का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा और उनके कौशल को और निखारने का अवसर प्राप्त होगा. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी छात्रों को बेहतर प्लेसमेंट अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
चयनित छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय के शिक्षकों, प्रशिक्षण और प्लेसमेंट सेल को दिया है. उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की बदौलत उन्हें यह सफलता मिली है. विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट सेल लगातार छात्रों को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर दिलाने के लिए प्रयासरत है. संस्थान का लक्ष्य छात्रों को बेहतर करियर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना और उन्हें कॉर्पोरेट दुनिया के लिए तैयार करना है.

