सरायकेला: पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को लेकर गुरुवार को नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बाड़ेदा पंचायत सभागार में विशेष जनसुनवाई एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर आयोजित हुआ, जिसमें स्थानीय मुखिया वरुण सिंह, पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण एवं पुलिस पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे.

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जमीन विवाद, साइबर ठगी, सड़क सुरक्षा, नशाखोरी, घरेलू विवाद और असामाजिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याएं पुलिस के समक्ष रखीं. मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया, जबकि अन्य मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई और जांच का भरोसा दिया गया.

थाना प्रभारी संतन तिवारी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं. ऐसे में लोगों को मोबाइल कॉल, ओटीपी, बैंक डिटेल, एटीएम जानकारी और ऑनलाइन लिंक साझा करने में सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करें और साइबर ठगी होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें.
कार्यक्रम में ट्रैफिक नियमों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया. दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने और नाबालिगों को वाहन नहीं देने की अपील की गई. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर कई दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है.
इसके अलावा ग्रामीणों को डायन प्रथा, बच्चा चोरी की अफवाह और सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों से सतर्क रहने को कहा गया. थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि बच्चा चोरी जैसी कई अफवाहें सोशल मीडिया के जरिए फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जाती है. ऐसी स्थिति में अफवाहों पर ध्यान न देकर तुरंत पुलिस को सूचना दें. उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
स्थानीय मुखिया वरुण सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर इस तरह के कार्यक्रम से लोगों का पुलिस पर विश्वास बढ़ता है और समस्याओं का समाधान भी आसान होता है. ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन से ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाने की मांग की. कार्यक्रम के दौरान पुलिस और पंचायत प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की.

