आदित्यपुर: थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर न्यूशेंस फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. महिलाओं, बच्चों और आम लोगों को हो रही परेशानी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आदित्यपुर पुलिस ने उत्पाद विभाग सरायकेला के साथ संयुक्त अभियान चलाया.

संयुक्त कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते, अड्डेबाजी करते और राहगीरों को परेशान करने वाले कुल 9 लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई. सभी पर 5-5 हजार रुपये का चालान और जुर्माना लगाया गया है.
थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन और हुड़दंग की वजह से महिलाओं और बच्चों को काफी असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा था. खासकर बाजार, सड़क किनारे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ऐसे लोगों की गतिविधियों से आम नागरिक परेशान थे.
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक जगहों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा. अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था और सामाजिक माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. संयुक्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सख्ती को लेकर चर्चा तेज हो गई है. स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाने चाहिए, ताकि सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं और परिवारों को सुरक्षित माहौल मिल सके.

