सरायकेला: घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सरायकेला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना- प्रदर्शन किया. झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में पार्टी के जिला, केंद्रीय, नगर, प्रखंड और पंचायत स्तर के पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया.

धरना- प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया. प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों से आम जनता, छोटे दुकानदारों, होटल व्यवसायियों, ठेला- खोमचा संचालकों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को बताया गया.
धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और इसका सबसे ज्यादा असर गरीबों, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि आज स्थिति ऐसी हो गई है कि गरीब परिवारों के लिए चूल्हा जलाना भी मुश्किल होता जा रहा है.
उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि से घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है. छोटे व्यवसायी और होटल संचालक भी आर्थिक दबाव झेल रहे हैं. झामुमो जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी.
वहीं सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि महंगाई इस स्तर तक पहुंच चुकी है कि आम महिलाओं के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है. छोटे होटल और चाय दुकानदार तक आर्थिक दबाव झेल रहे हैं.
उन्होंने कहा कि जिन सपनों के साथ जनता ने सरकार चुनी थी, आज वही जनता महंगाई, पेट्रोल- डीजल की कीमतों और बढ़ते टैक्स से परेशान है.
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि आम लोग आज रेल यात्रा में भीड़ और अव्यवस्था झेलने को मजबूर हैं, जबकि सरकार केवल बड़े- बड़े दावे कर रही है.
मनोज चौधरी ने कहा कि महंगाई और आर्थिक दबाव के कारण लोगों का जीवन संकट में आ गया है. उन्होंने दावा किया कि बीते वर्षों में आर्थिक तनाव और महंगाई से परेशान होकर बड़ी संख्या में लोगों ने आत्महत्या तक की है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं हुआ, तो झामुमो नेतृत्व के निर्देश पर सड़क से सदन तक आंदोलन को और तेज किया जाएगा. झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जनता की मूल समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है, जबकि महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं दिख रही है.
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “महंगाई वापस लो”, “जनविरोधी नीति बंद करो” और “गरीबों पर अत्याचार बंद करो” जैसे नारे लगाए. उपायुक्त कार्यालय परिसर काफी देर तक राजनीतिक नारों से गूंजता रहा.
कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य गणेश चौधरी, बैद्यनाथ टुडू, भुण्डा वेसरा, धरमु गोप, भोला मोहंती, उमेश भोल, अबिनाश कबी, सुधीर महतो, अमृत महतो, जगदीश महतो, वीरेंद्र प्रधान, शंभू आचार्य, डब्बा सोरेन, सन्नी सिंह, गुरुचरण मुखी और सुशीला ताती समेत बड़ी संख्या में झामुमो नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे. झामुमो नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया, तो पार्टी आने वाले दिनों में और बड़ा जनआंदोलन करेगी.
Report By Pramod Singh

