सरायकेला: सरायकेला- टाटा मुख्य मार्ग बुधवार देर रात एक बार फिर हादसे से दहल उठा, जहां संजय ग्राम के पास हुए एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे ने ट्रैफिक व्यवस्था के साथ- साथ स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क सुरक्षा की भी पोल खोल दी.

घायल की पहचान कांड्रा निवासी शंकर महतो (लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो एक शादी समारोह से लौट रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी और बाइक को करीब आधा किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया. बाद में क्षतिग्रस्त बाइक घटनास्थल से दूर बरामद हुई.
सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि हादसे के बाद घायल शंकर महतो करीब 45 मिनट तक सड़क पर ही तड़पते रहे. समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने से उनकी स्थिति और गंभीर हो गई. इस बीच सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मानवता दिखाते हुए घायल को गश्ती वाहन से तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जमशेदपुर रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं.
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए सड़क की बदहाल स्थिति को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि मार्ग पर जगह- जगह बड़े गड्ढे हैं, जो आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं.
फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक जब्त कर ली है और अज्ञात वाहन की तलाश के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है. यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि आखिर सड़क और आपातकालीन सेवाओं में सुधार कब होगा.

