सरायकेला: नगर क्षेत्र की बदहाल विद्युत व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की पहल पर बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में बिजली आपूर्ति, लो- वोल्टेज, बार- बार ट्रिपिंग, स्मार्ट मीटर की गड़बड़ी और उपभोक्ताओं की शिकायतों जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई.

बैठक में विद्युत अधीक्षण अभियंता संजय कुमार, कार्यपालक अभियंता लाल जी प्रसाद, सहायक अभियंता संजय सवैया, कनीय अभियंता कुणाल प्रजापति समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने साफ कहा कि अब बिजली व्यवस्था में मनमानी नहीं चलेगी. उन्होंने बताया कि शहर की जनता लंबे समय से अनियमित आपूर्ति, लो-वोल्टेज, स्मार्ट मीटर की गड़बड़ी और जर्जर तारों की समस्या से परेशान है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.
बैठक में उपभोक्ता सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बिजली कार्यालय में बैठने की व्यवस्था, साफ पेयजल, हेल्प डेस्क और शिकायत रजिस्टर अनिवार्य करने पर जोर दिया गया. साथ ही स्मार्ट मीटर और बिलिंग से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष कैंप लगाने और पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने का सुझाव दिया गया.
अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए निर्देश दिया गया कि एसडीओ और जूनियर इंजीनियर रोजाना जनता के लिए उपलब्ध रहें. वहीं पीक आवर में शाम 6 से 9 बजे तक पावर सप्लाई की निगरानी अनिवार्य रूप से की जाए.
तकनीकी सुधार के तहत जर्जर तारों की मरम्मत, बंद फीडरों को चालू करने, एबी स्विच लगाने और ब्रेकरों की नियमित जांच पर जोर दिया गया. बरसात से पहले नदी के अंदर स्थित बिजली पोल को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने का भी निर्णय लिया गया.
नेटवर्क सुधार के लिए अंडरग्राउंड केबलिंग का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने, टाउन हॉल और PHED के लिए अलग ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था तथा लाइन ट्रिपिंग की समस्या को दूर करने के लिए बेहतर समन्वय प्रणाली विकसित करने पर सहमति बनी.
बैठक में मैनपावर की कमी को दूर करने, लाइनमैन की बहाली, प्रशिक्षण और रात्रि पेट्रोलिंग के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई. अधीक्षण अभियंता ने कई समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए, जबकि अन्य मामलों में उच्च स्तर से स्वीकृति लेकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया.
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि पिछले एक माह में बिजली व्यवस्था में कुछ सुधार देखने को मिला है, लेकिन अभी और काम करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि बेहतर बिजली व्यवस्था ही बेहतर शहर और जनजीवन की आधारशिला है, और इस दिशा में लगातार प्रयास जारी रहेंगे.

