जमशेदपुर: ग्रेजुएट कॉलेज में आगामी राष्ट्रीय सेमिनार को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ वीणा सिंह प्रियदर्शी ने बुधवार को नेताजी सुभाष समूह के चेयरमैन मदन मोहन सिंह से मुलाकात कर उन्हें सेमिनार में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया.

जानकारी के अनुसार पहला राष्ट्रीय सेमिनार 15 और 16 मई 2026 को बीएड विभाग द्वारा आयोजित किया जाएगा, जबकि दूसरा सेमिनार 22 और 23 मई 2026 को वाणिज्य विभाग की ओर से आयोजित होगा. मुलाकात के दौरान प्राचार्य ने सेमिनार की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी तथा उनकी गरिमामयी उपस्थिति का अनुरोध किया. इस अवसर पर उन्होंने नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर का शैक्षणिक भ्रमण भी किया.
इस दौरान कॉलेज के विभिन्न विभागों की सुविधाओं, क्लासरूम, प्रयोगशाला और पुस्तकालय का अवलोकन किया गया. डॉ. वीणा सिंह ने आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के लिए मदन मोहन सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे जमशेदपुर के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल रही है. मौके पर डॉ. अनुराधा वर्मा, डॉ. सुनीता बंकीरा, डॉ. विशेश्वर यादव और उमेश सिंह भी उपस्थित रहे.
Report By Varun Kumar

