जमशेदपुर: ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. 4 मई 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ओलीडीह थाना क्षेत्र में गंगा अस्पताल के सामने स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट कॉलोनी स्थित बजरंग बली मंदिर के पास मादक पदार्थ की बिक्री हो रही है.

सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पतमदा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम रात करीब 8:05 बजे मौके पर पहुंची.
पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से काले पजामे की जेब में रखे सफेद प्लास्टिक पाउच से 30 पुड़िया बरामद की गई. जांच में सभी पुड़ियों में ब्राउन शुगर पाया गया, जिसका कुल वजन 2.51 ग्राम बताया गया है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद हसन अंसारी (26 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस ने जब्त मादक पदार्थ को विधिवत जप्ती सूची बनाकर अपने कब्जे में ले लिया है.
इस मामले में मानगो (ओलीडीह) थाना कांड संख्या 103/26, दिनांक 04.05.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(a), 21(a) और 22(a) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पुलिस का कहना है कि शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

