सरायकेला: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और लापरवाही पर रोक लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को सदर अस्पताल में अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने की.

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू कुमार सिंह और सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. नकुल प्रसाद चौधरी मौजूद रहे. इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.
निर्देश दिया गया कि अस्पताल में डॉक्टरों का रोस्टर प्रतिदिन सार्वजनिक किया जाए, ताकि मरीजों को ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों की जानकारी मिल सके. साथ ही लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर और सभी वार्डों में डॉक्टरों का नियमित राउंड सुनिश्चित करने को कहा गया.
बैठक में इमरजेंसी वार्ड के बाहर डॉक्टरों के लिए अलग चेंबर बनाने, वार्ड के पास शौचालय निर्माण, पोस्टमार्टम हाउस की नियमित साफ- सफाई और जहरीले जीव- जंतुओं के काटने पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए शुद्ध भोजन, स्वच्छ पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया.
नगर पंचायत अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से लागू कर उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी.
हाल ही में राजनगर में हुई घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह संवेदनशील है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी.

