जमशेदपुर: संयुक्त ट्रेड यूनियन के बैनर तले सोमवार को मजदूरों ने टिनप्लेट कंपनी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपा.

मजदूर नेता अंबुज ठाकुर ने बताया कि नर्सरी विभाग में कार्यरत श्रमिक मेसर्स एबी. कंस्ट्रक्शन के अंतर्गत अगस्त 2019 से 31 अक्टूबर 2025 तक लगातार काम करते रहे. इसके बाद अचानक उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं. श्रमिकों का आरोप है कि नियमानुसार उन्हें अंतिम पावना मिलना चाहिए था, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया है.
मजदूरों के अनुसार सेवा समाप्ति के बाद एक अन्य ठेकेदार को छह माह के लिए नर्सरी कार्य का जिम्मा दिया गया, जिसमें वे दोबारा काम करते रहे. वर्तमान में फिर से ए.बी. कंस्ट्रक्शन को ठेका मिलने के बावजूद 16 मजदूरों को काम पर नहीं रखा जा रहा है और उनके बकाया भुगतान भी लंबित हैं.
प्रदर्शनकारी मजदूरों ने कहा कि वे वर्षों से कंपनी में कार्यरत रहे हैं और कई ठेकेदार बदलने के बावजूद उन्हें लगातार काम मिलता रहा. लेकिन अब अचानक काम से हटाए जाने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.
मजदूर नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि फिलहाल प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया है. यदि 15 दिनों के भीतर मजदूरों को काम पर वापस नहीं लिया गया और बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो संयुक्त ट्रेड यूनियन के बैनर तले उग्र आंदोलन किया जाएगा.

