जमशेदपुर: आगामी 12 फरवरी को प्रस्तावित देशव्यापी आम हड़ताल को लेकर कोल्हान क्षेत्र में ट्रेड यूनियनों की तैयारी तेज हो गई है. केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच और स्वतंत्र क्षेत्रीय महासंघों के आह्वान पर आयोजित इस हड़ताल के समर्थन में कोल्हान का संयुक्त मंच पूरी तरह सक्रिय हो गया है.

संयुक्त मंच से जुड़े अंबुज ठाकुर ने बताया कि श्रमिक विरोधी श्रम संहिताओं यानी लेबर कोड, जनविरोधी कानूनों, आजीविका और लोकतांत्रिक अधिकारों पर हो रहे हमलों, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार समझौतों तथा अनियंत्रित निजीकरण के खिलाफ यह हड़ताल आयोजित की जा रही है.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से मजदूरों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं, जिसके विरोध में व्यापक एकजुटता बनाई जा रही है. संयुक्त किसान मोर्चा और खेतिहर मजदूर संगठनों ने भी हड़ताल को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है. झारखंड के औद्योगिक केंद्र कोल्हान क्षेत्र में विभिन्न उद्योगों के मजदूर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन में बढ़- चढ़कर भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं. हड़ताल की स्थानीय रूपरेखा तय करने और व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार बैठकें की जा रही हैं. कोल्हान क्षेत्र में CITU, AITUC समेत बैंक, बीमा और सरकारी कर्मचारियों की स्वतंत्र यूनियनों के प्रतिनिधि भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
संयुक्त मंच के प्रतिनिधियों ने कहा कि 12 फरवरी की हड़ताल को सफल बनाने के लिए सभी सेक्टर के मजदूरों और कर्मचारियों को संगठित किया जा रहा है. नेताओं ने दावा किया कि कोल्हान में हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिलेगा और श्रमिक एकजुटता के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करेंगे.

