जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े एक बंद क्वार्टर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. घटना अमल संघ के पास स्थित क्वार्टर नंबर L4/39 की है, जहां टाटा स्टील के कर्मचारी राकेश कुमार झा अपने परिवार के साथ रहते हैं.

जानकारी के अनुसार राकेश कुमार झा परिवार सहित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव गए हुए थे. घर की निगरानी के लिए उन्होंने चाबी अपने एक परिचित रिश्तेदार को सौंप दी थी. रविवार सुबह करीब 8 बजे रिश्तेदार घर बंद कर अपनी ड्यूटी पर चला गया, जिसके बाद चोरों ने मौके का फायदा उठाया.

बताया जा रहा है कि चोर घर के पीछे वाले हिस्से से अंदर घुसे. उन्होंने पहले दरवाजा तोड़ा, फिर अलमारी का लॉक तोड़कर घर में रखे करीब 10 से 12 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए. चोरी के दौरान पूरे घर का सामान बिखेर दिया गया.
शाम करीब 4 बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर का नजारा देखकर सन्न रह गया. पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था और अलमारी खुली पड़ी थी. घटना की जानकारी मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके.
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की चोरी की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं. लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है. इस घटना ने शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ा दी है.

