जमशेदपुर: बर्मामाइंस गुरुद्वारा साहिब में ब्रह्म ज्ञानी बाबा जगत सिंह जी की बरसी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई. इस अवसर पर गुरु घर एवं संगत के प्रति उनके समर्पण को याद किया गया. रविवार को श्री गुरु ग्रन्थ साहिब का सहज पाठ संपन्न हुआ, जिसके उपरांत स्त्री सत्संग सभा की बीबीयों ने सुखमणि साहिब का पाठ एवं कीर्तन प्रस्तुत किया. इस दौरान पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्ति रस में डूबा नजर आया.

गुरु घर के वजीर इक़बाल सिंह ने बाबा जगत सिंह जी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन पर परमपिता वाहेगुरु का विशेष आशीर्वाद था. उनके वचनों का संगत पर गहरा प्रभाव पड़ता था और लोग उनकी बातों को श्रद्धा के साथ स्वीकार करते थे. उन्होंने संगत में एकता, सेवा, त्याग और समर्पण का संदेश फैलाया और रैण सवाई कीर्तन दरबार की शुरुआत की.
इस अवसर पर समस्त जीवों के कल्याण के लिए अरदास की गई. कार्यक्रम के अंत में संगत ने श्रद्धा भाव के साथ लंगर ग्रहण किया. कार्यक्रम में प्रधान सालविंदर सिंह सहित गुरदयाल सिंह, रविंद्र सिंह, दलविंदर सिंह, सतबीर सिंह सोमू, हरभजन सिंह, सुखदेव सिंह, गुरु दर्शन सिंह, अमरीक सिंह, राजेंद्र सिंह लाली, सुखविंदर सिंह, सरताज सिंह छल्लू, गुरमीत सिंह लखनपाल, बाबा अजीत सिंह जी और जसबीर सिंह समेत कई श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.

