जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत स्ट्रेट माइल रोड स्थित कंपनी क्वार्टर में रविवार को गैस सिलेंडर लीकेज के कारण अचानक आग लग गई. घटना कब्रिस्तान के सामने स्थित क्वार्टर संख्या L4/98 में हुई, जहां किचन में खाना बनाने की तैयारी के दौरान यह हादसा हुआ.

देखते ही देखते आग ने रसोईघर को अपनी चपेट में ले लिया और घर के अन्य हिस्सों तक फैल गई. आग की लपटें उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए.

घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची. साथ ही Tata Steel Fire Services और झारखंड फायर ब्रिगेड की दमकल गाड़ियां भी पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं. अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई.

परिजनों के अनुसार आग लगने से घर में रखे फर्नीचर, कपड़े, घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं पूरी तरह जलकर राख हो गईं. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है.
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. पुलिस और अग्निशमन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. शुरुआती जांच में गैस सिलेंडर लीकेज को ही आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दमकल की टीम समय पर पहुंच गई, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका और आसपास के क्वार्टर सुरक्षित बच गए.

