जमशेदपुर: बिस्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धतकीडीह के कुरैशी मोहल्ला में रविवार दोपहर अचानक फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई. दिनदहाड़े चली गोली की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा- तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर- उधर भागने लगे. जानकारी के अनुसार कुछ युवक गामा होटल के पास पहुंचे और हथियार लहराते हुए दहशत फैलाने की कोशिश की. इसी दौरान एक राउंड हवाई फायरिंग की गई, जिससे बाजार क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं, जबकि राहगीर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे.

घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की पहचान की और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया. उनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया गया है.
सूत्रों के अनुसार इस मामले में गोरा नामक अपराधी का नाम सामने आ रहा है. बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस ने कपाली क्षेत्र में भी छापेमारी की. फिलहाल फायरिंग के पीछे रंगदारी, आपसी रंजिश या इलाके में दबदबा कायम करने की कोशिश जैसे कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है.
हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े फायरिंग होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और जांच जारी है.

